हवालबाग में श्री अन्न उत्पादन, मूल्य संवर्धन और संरक्षित खेती पर पाँच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न

हवालबाग में श्री अन्न उत्पादन, मूल्य संवर्धन और संरक्षित खेती पर पाँच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न

 

 

 

हवालबाग/अल्मोड़ा। भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस), अल्मोड़ा के प्रयोगात्मक प्रक्षेत्र, हवालबाग में 16 से 20 नवम्बर 2026 तक “श्री अन्न की उन्नत उत्पादन तकनीक, मूल्य संवर्धन एवं संरक्षित खेती” विषय पर पाँच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

 

 

 

कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), गया (बिहार) की वित्तीय वर्ष 2026-27 योजना के तहत प्रायोजित इस प्रशिक्षण में बिहार के गया जिले से 20 पुरुष कृषकों और आत्मा परियोजना के 01 सहायक तकनीकी प्रबंधक सहित कुल 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

 

 

 

 

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने व्याख्यानों और व्यावहारिक प्रदर्शनों के माध्यम से श्री अन्न (मिलेट्स/पोषक अनाजों) के पोषण महत्व, उच्च उपजशील प्रजातियों, उन्नत उत्पादन एवं पादप सुरक्षा तकनीकों, बीज गुणवत्ता प्रबंधन, संरक्षित खेती, मूल्यवर्धित उत्पादों व व्यंजन विधियों तथा कटाई उपरांत प्रबंधन की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त पौधों की वृद्धि में सहायक सूक्ष्मजीवों की भूमिका, जैविक व प्राकृतिक खेती, मृदा उर्वरता सुधार, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने तथा प्रतिकूल परिस्थितियों में टिकाऊ उत्पादन से आय बढ़ाने के उपाय बताए गए।

यह भी पढ़ें 👉  भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमेश्वर में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, लोगों ने जताया समर्थन

 

 

 

 

प्रतिभागियों को आदर्श ग्राम भगरतोला ले जाकर प्रगतिशील किसानों के प्रक्षेत्रों का भ्रमण भी कराया गया, जहाँ उन्होंने संस्थान की उन्नत तकनीकों और स्थानीय नवाचारों को नजदीक से देखा तथा किसानों के अनुभवों से प्रेरणा ली।

 

 

 

 

संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान जलवायु परिवर्तन के दौर में कम पानी और सीमित संसाधनों में बेहतर उपज देने वाले श्री अन्न छोटे किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने किसानों से संस्थान द्वारा विकसित मिलेट थ्रेशर, शीघ्र पकने वाली, अधिक उपज देने वाली और रोग प्रतिरोधी प्रजातियों तथा आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया, ताकि बाजार की बढ़ती मांग के अनुरूप गुणवत्ता, उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाई जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  मेडिकल कॉलेज में 2026 बैच के एमबीबीएस छात्र-छात्राओं का ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ आयोजित

 

 

 

 

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ श्री अन्न के उन्नत बीज व मूल्यवर्धित उत्पाद वितरित किए गए और किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. महेन्द्र सिंह भिण्डा, दिनेश चन्द्र जोशी एवं कुशाग्रा जोशी ने किया।

Advertisement