काठगोदाम बायपास का सीएम धामी ने किया ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण, अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिए’ वाले बयान पर किया तीखा पलटवार
काठगोदाम बायपास का सीएम धामी ने किया ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण, अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिए’ वाले बयान पर किया तीखा पलटवार
हल्द्वानी (विशेष संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी दौरे के दौरान काठगोदाम में निर्माणाधीन बायपास का ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान सीएम ने खुद खड़ी चढ़ाई पर चढ़कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बायपास का निर्माण पूरा होने से शहर को भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के निवासियों पर की गई विवादित टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया। सीएम धामी ने अखिलेश के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
उत्तराखंड को ‘घुसपैठिया’ कहना प्रदेश के बलिदान का अपमान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के निवासियों को लेकर दी गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। यहां के लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहना प्रदेश की अस्मिता, स्वाभिमान और वीर शहीदों के बलिदान का सीधा अपमान है।”
सीएम धामी ने सपा के पूर्व शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता आज भी राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा (मुजफ्फरनगर) में आंदोलनकारियों पर हुए अत्याचारों और पुलिस की गोलियों के दर्द को भूली नहीं है।
कांग्रेस से सवाल: क्या अखिलेश के बयान से सहमत है ‘ठगबंधन’?
मुख्यमंत्री ने इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि गठबंधन की मुख्य सहयोगी होने के नाते कांग्रेस को अखिलेश यादव के इस बयान पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। क्या कांग्रेस उत्तराखंड के लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहे जाने के बयान से सहमत है?
कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ पर भी साधा निशाना
कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता अब कांग्रेस को कभी आगे नहीं आने देगी। सवाल तो कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने उत्तराखंड और देश की जनता के लिए क्या किया? कांग्रेस ने हमेशा देश और प्रदेश को शर्मसार करने का ही काम किया है।
