Almora News:दूरस्थ नामिक गांव पहुंचे जिलाधिकारी, विद्यार्थियों के साथ किया मध्याह्न भोजन, जानी जनता की समस्याएं

0
ख़बर शेयर करें -

जनपद के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्र स्थित नामिक ग्राम के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज राजकीय प्राथमिक विद्यालय नामिक एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नामिक का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) ग्रहण किया तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण मानकों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, पेयजल, शौचालय, खेल सामग्री तथा मिड डे मील व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास और सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, विद्यालयों में स्वच्छ एवं प्रेरणादायी वातावरण बनाए रखने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं अभिभावकों से भी शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:​शीशम के पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली, जोरदार ब्लास्ट से उड़े परखच्चे; बाल-बाल बचा परिवार

विद्यालय परिसर में उपस्थित स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के समक्ष क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं। ग्रामीणों द्वारा सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, दूरसंचार नेटवर्क, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र का भ्रमण करते हुए स्थानीय नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान हेतु पूर्ण संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के गांव आगमन पर उनका स्वागत करते हुए उन्हें पौधों के गमले एवं क्षेत्र के पारंपरिक स्थानीय उत्पाद भेंट कर सम्मानित किया। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर जनसमस्याओं को सुनने और समाधान के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है तथा क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:आज से खुला 'वैली ऑफ फ्लावर्स': पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हुई फूलों की घाटी, खिले दुर्लभ फूल

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह है और जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, खंड शिक्षा अधिकारी मुनस्यारी दिकम्बर लाल आर्य, खंड विकास अधिकारी मुनस्यारी नेहा कुमारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *