Pithoragarh News:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न, विभागों को लक्ष्यपूर्ति हेतु तेजी लाने के निर्देश

0
ख़बर शेयर करें -

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न, विभागों को लक्ष्यपूर्ति हेतु तेजी लाने के निर्देश

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित 25 सूत्रीय कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा माह अप्रैल 2026 तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान शहरी विकास विभाग द्वारा स्रोत स्तर पर कूड़ा पृथक्करण (Segregation at Source) के अंतर्गत 96 प्रतिशत से अधिक इकाइयों से कूड़ा संग्रहण तथा लगभग 87 प्रतिशत इकाइयों में पृथक्करण की उपलब्धि दर्ज की गई। साथ ही संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:मेरगांव में आयोजित हुआ वृहद बहुउद्देशीय एवं विधिक जागरूकता शिविर, 629 लोग हुए लाभान्वित

बैठक में पार्किंग विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनपद में संचालित पार्किंग परियोजनाओं में औसत भौतिक प्रगति 80 प्रतिशत से अधिक है तथा विभिन्न परियोजनाओं पर स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष उल्लेखनीय व्यय किया जा चुका है।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में निराश्रित पशुओं के संरक्षण हेतु संचालित कैटल पाउंड व्यवस्था में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति तथा चिन्हित पशुओं को गोशालाओं तक पहुंचाने की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान संबंधी बिंदु पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।

राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्रों के निर्गमन की स्थिति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध सेवा वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं न्यायिक एवं राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण, अतिक्रमण हटाने, नशा मुक्ति अभियान, राजस्व प्राप्ति तथा प्रवर्तन कार्यवाहियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

यह भी पढ़ें 👉  Pithoragarh News:पिथौरागढ़: स्थानीय उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मार्केट, डीएम ने एरोमैटिक व औषधीय पौधों की खेती पर दिया जोर

बैठक में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए ई-ऑफिस संचालन, सरकारी परिसंपत्तियों के डिजिटलीकरण तथा डिजिटल इन्वेंटरी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि डिजिटलीकरण संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें तथा जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 दीपक सैनी,विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *